जयपुर। पंचायतीराज चुनाव में भाजपा के शानदार प्रदर्शन पर पार्टी के प्रदेश मुख्यालय पर कार्यकर्ताओं ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां की मौजूदगी में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर और पटाखे चलाकर जश्न मनाया।

इसके बाद भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सतीश पूनियां, उपनेता प्रतिपक्ष राजेन्द्र राठौड़, किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष हरिराम रणवां इत्यादि ने जिला प्रमुख रमा देवी व एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत की बधाई दी। जश्न के दौरान प्रदेश महामंत्री सुशील कटारा, प्रदेश उपाध्यक्ष सरदार अजयपाल सिंह, जिला अध्यक्ष जितेन्द्र शर्मा, राघव शर्मा, रामानंद गुर्जर, सांसद रामचरण बोहरा इत्यादि पदाधिकारियों ने भी डॉ. पूनियां  को मिठाई खिलाकर बधाई दी। डॉ. पूनियां ने राजस्थान के 6 जिलों में हुए पंचायतीराज चुनाव में जनता जनार्दन ने जो विश्वास भाजपा पर जताया इसके लिए राजस्थान की जनता का आभार जताया। भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं को इस शानदार जीत के लिए शुभकामनाएं दी। डॉ. पूनियां ने जयपुर, सिरोही और भरतपुर में भाजपा के जिला प्रमुख बनने पर तीनों जिला प्रमुखों व 6 जिलों में पार्टी के प्रधानों को बधाई एवं शुभकामायें दी हैं।

भाजपा प्रदेश मुख्यालय में डॉ. पूनियां ने मीडिया से बातचीत में कहा कि, यह परिणाम उन लोगों को सीधा-सीधा जवाब है जो भाजपा की हार में अपनी जीत देखते हैं। इस जीत को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्‌डा, गृहमंत्री अमित शाह और प्रदेश भाजपा के समस्त कार्यकर्ताओं के चरणों में समर्पित करता हूं, यह मोदी सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों व पार्टी के राष्ट्रवाद के विचार की जीत है। उल्लेखनीय है कि आज सुबह भाजपा प्रदेश मुख्याल में डॉ. पूनियां, राजेंद्र राठौड़, हरिराम रणवां ने रमा देवी को गमछा पहनाकर पार्टी में शामिल किया।

डॉ. पूनियां ने पंचायत और जिला परिषद चुनाव में भाजपा की जीत पर कहा कि यह 2023 का ट्रेलर है। आम तौर पर इस तरह के चुनाव में सत्ताधारी दल की इकतरफा जीत होती है। मगर जनता ने जनविरोधी कांग्रेस सरकार के खिलाफ मैंडेट दिया है। कांग्रेस पार्टी 99 के फेर में फंसकर रह गई है। इस जीत से साफ हो गया है कि जमीनी पकड़ के साथ अब भाजपा कार्यकर्ता रणनीतिक तौर पर भी मजबूत हो गया है। उन्होंने कहा कि, इन चुनावों में कांग्रेस को जोर का झटका धीरे से लगा है। अब तक कांग्रेस के नेता इन चुनावों में खेला होने की बात करते थे, लेकिन अब कांग्रेस के साथ ही इन चुनावों में खेला हो गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published.