जन घोषणा पत्र के वादे पूरे करने पर ताम्र ध्वज साहू ने लगाई मुहर

जयपुर। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि राज्य सरकार में सेवा और सुशासन को केंद्र बिंदु माना है। इसे ध्यान में रखकर सरकार ने न केवल जन घोषणा पत्र में किए गए वादों को मूर्त रूप दिया है। बल्कि इससे आगे बढ़कर जनता को राहत देने के अनेक महत्वपूर्ण फैसले किए हैं। कोरोना की पहली एवं दूसरी लहर के बावजूद वादों को धरातल पर उतारने में सरकार खरी उतरी है। बीते ढाई वर्ष में प्रदेश के समग्र विकास के साथ-साथ जरूरतमंद लोगों की पीड़ा दूर करने के लिए हर संभव प्रयास किए हैं।

गहलोत ने शनिवार को मुख्यमंत्री निवास पर राज्य मंत्रिपरिषद् के सदस्यों तथा छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री श्री ताम्रध्वज साहू एवं पंजाब के सांसद डॉ. अमर सिंह के साथ जन घोषणा पत्र की समीक्षा बैठक में यह बात कही। श्री गहलोत ने कहा कि जन घोषणा पत्र के 501 वादों में से 321 अर्थात् 64 प्रतिशत को क्रियान्वित कर दिया गया है। इसके साथ ही 138 वादे प्रगतिरत हैं। कॅबिनेट सब-कमेटी जन घोषणा पत्र के क्रियान्वयन की सतत मॉनिटरिंग कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारी सरकार आमजन को संवेदनशील, पारदर्शी और जवाबदेह सुशासन देने के लिए पूरी प्रतिबद्धता से काम कर रही है। जन घोषणा पत्र के वादों को शीघ्रता के साथ पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। जिन वादों में प्रगति प्रारंभिक स्तर पर हैं उनमें तेजी लाई जा रही है। गहलोत ने कहा कि किसानों, महिलाओं, युवाओं, बेरोजगारों, पशुपालकों, जरूरतमंद वर्गों तथा मूलभूत सुविधाओं से जुड़े हुए वादों को सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ पूरा किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जन घोषणा पत्र राज्य सरकार का नीतिगत दस्तावेज होने के साथ ही प्रदेश के विकास को गति देने का विजन डॉक्यूमेंट है।

छत्तीसगढ़ के गृहमंत्री ताम्रध्वज साहू ने मुख्यमंत्री गहलोत के कुशल नेतृत्व में राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों एवं जन घोषणा पत्र के वादों की प्रगति पर संतोष व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जिस गति से घोषणा पत्र के बादों को पूरा करने का प्रयास किया जा रहा है, वह सराहनीय है। इससे न केवल समाज सभी वर्गों राहत मिलेगी, बल्कि राजस्थान का समग्र विकास भी संभव हो सकेगा। उन्होंने कोविड के दौरान प्रदेशवासियों की जीवन रक्षा के लिए मुख्यमंत्री द्वारा सभी के सहयोग से उठाए गए कदमों और सफलतापूर्वक किए गए कोविड प्रबंधन को भी सराहा।।

पंजाब के सांसद डॉ. अमर सिंह ने कहा कि गांव, गरीब, किसान, युवा, महिलाओं एवं अन्य जरूरतमंद वर्गों के लिए राजस्थान सरकार द्वारा चलाए गए कार्यक्रम एवं योजनाएं दूसरे राज्यों के लिए भी अनुकरणीय हैं। उन्होंने राज्य सरकार की उपलब्धियों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने के लिए विशेष प्रयास करने पर जोर दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published.